अंतर्विद्यालयीन फुटबॉल प्रतियोगिता में गुरूकुल पब्लिक स्कूल कवर्धा अपराजेय
अंतर्विद्यालयीन फुटबॉल प्रतियोगिता में गुरूकुल पब्लिक स्कूल कवर्धा अपराजेय

कवर्धा ! नगर की प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान गुरुकुल पब्लिक स्कूल कवर्धा सदैव ही विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रयत्नशील रहा है। कैसी भी प्रतियोगिता हो हर प्रतियोगिता में गुरुकुल के बच्चों ने अंश ग्रहण कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है । इसी कड़ी में कवर्धा के स्थानीय स्वामी करपात्री जी स्टेडियम में श्रीप्रभुजी फुटबॉल अकादमी , कवर्धा के तत्वावधान में इंटर स्कूल फुटबॉल टूर्नामेंट का आयोजन दिनांक 23 और 24 नवंबर को किया गया। मीडिया प्रभारी शिक्षक ने बतलाया कि इसमें दिल्ली पब्लिक स्कूल, श्रीरामकृष्ण पब्लिक स्कूल, गुरुकुल पब्लिक स्कूल, अभ्युदय स्कूल, अशोका पब्लिक स्कूल, दिशा पब्लिक स्कूल तथा हॉलीक्रास स्कूल आदि कुल आठ टीम सम्मिलित हुए। इसमें गुरुकुल ने अपनी अपराजेय छवि को बरकरार रखा है। बताना लाजिमी होगा कि इस प्रतियोगिता में शहर के विभिन्न स्कूलों के प्रतिभाशाली फुटबॉलरों ने अंश ग्रहण किया। इस पूरी प्रतियोगिता में गुरुकुल पब्लिक स्कूल की टीम का दबदबा देखने को मिला। पहला मैच गुरुकुल पब्लिक स्कूल और दिशा पब्लिक स्कूल के बीच खेला गया ।जिसमें गुरुकुल पब्लिक स्कूल ने दिशा पब्लिक स्कूल को एकतरफा मुकाबले में 8-0 के बड़े अंतर से शिकस्त दी। सेमीफाइनल मैच गुरुकुल पब्लिक स्कूल और अशोक पब्लिक स्कूल के बीच खेला गया जिसमें टीम ने अशोक पब्लिक स्कूल के खिलाफ कड़े मुकाबले में 4-2 से जीत दर्ज कर फाइनल में अपनी जगह बनाई।फुटबॉल के इस रोमांचक फाइनल मुकाबले में गुरुकुल पब्लिक स्कूल, कवर्धा ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए स्वामी आत्मानंद स्कूल, बोड़ला को 4-2 से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया।
फाइनल मैच की शुरुआत से ही दोनों टीमों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। दोनों ही टीमों के खिलाड़ियों ने मैदान पर बेहतरीन फुर्ती और आक्रामक खेल दिखाया। हालांकि, गुरुकुल के खिलाड़ियों ने शानदार आपसी तालमेल के दम पर विपक्षी टीम के डिफेंस को भेदते हुए 4 गोल दागे। दूसरी ओर, आत्मानंद स्कूल की टीम कड़े संघर्ष के बावजूद 2 गोल ही कर सकी और उपविजेता रही।गुरुकुल की इस अपराजेयता पर शाला के प्राचार्य ,संचालन समिति के अध्यक्ष तथा अन्य निदेशक गण ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों एवं क्रीड़ा शिक्षकों को बधाई संदेश प्रेषित किया और आशा व्यक्त किया कि गुरुकुल भविष्य में भी इसी प्रकार विभिन्न प्रतियोगिताओं में अपराजेय बना रहेगा ।







