जिला पंचायत की कृषि स्थायी समिति की बैठक में गन्ना बोनस, धान खरीदी एवं कृषि विभागीय योजनाओं की समीक्षा
जिला पंचायत की कृषि स्थायी समिति की बैठक में गन्ना बोनस, धान खरीदी एवं कृषि विभागीय योजनाओं की समीक्षा
*गन्ना कटाई कार्य को सुगम बनाने के लिए जिले में कम से कम 04 गन्ना कटाई हार्वेस्टर की आवश्यकता पर दिया गया जोर*

कवर्धा, जिला पंचायत की कृषि स्थायी समिति की बैठक आज सभापति कृषि स्थायी समिति श्री राम कुमार भट्ट की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में समिति के सदस्य श्री डॉ. बीरेंद्र कुमार साहू एवं श्री राजकुमार मेरावी सहित कृषि एवं समवर्गीय विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में निर्धारित एजेंडे के अनुसार गन्ना बोनस एवं धान खरीदी के संबंध में चर्चा की गई। इसके साथ ही कृषि विभाग, पशुपालन विभाग, मत्स्य पालन विभाग, उद्यानिकी विभाग एवं कृषि से संबंधित अन्य विभागों के कार्यों तथा संचालित योजनाओं की समीक्षा की गई। संबंधित विभागों के अधिकारियों ने अपने-अपने विभाग की योजनाओं, गतिविधियों एवं कार्यों की विस्तारपूर्वक जानकारी समिति के सभापति एवं सदस्यों के समक्ष प्रस्तुत की। सदस्यों द्वारा विभिन्न विभागीय विषयों पर चर्चा कर आवश्यक जानकारी प्राप्त की गई।
गन्ना कटाई के संबंध में चर्चा के दौरान शक्कर कारखाना के अधिकारी ने समिति को अवगत कराया कि जिले में गन्ना फसल के रकबे एवं उत्पादन को ध्यान में रखते हुए गन्ना कटाई कार्य को सुगम बनाने के लिए कम से कम 04 गन्ना कटाई हार्वेस्टर की अत्यंत आवश्यकता है। हार्वेस्टर की उपलब्धता से किसानों को गन्ना कटाई के समय मजदूरों की कमी एवं उनकी उपलब्धता संबंधी समस्याओं से राहत मिलेगी। इससे गन्ना कटाई का कार्य समय पर एवं सुचारू रूप से संपन्न कराया जा सकेगा। बैठक में प्रस्ताव क्रमांक-01 के अंतर्गत पशुपालन विभाग की व्यक्तिमूलक योजनाओं के प्रकरणों की सूची अनुमोदन के लिए समिति के समक्ष प्रस्तुत की गई। प्रस्तुत सूची पर विस्तृत चर्चा के उपरांत कृषि स्थायी समिति द्वारा सूची का अनुमोदन किया गया। बैठक के अंत में सभापति श्री राम कुमार भट्ट एवं समिति के सदस्यों की अनुमति से सचिव, कृषि स्थायी समिति एवं उप संचालक कृषि द्वारा सभा की समाप्ति की घोषणा की गई।







