समाज कल्याण विभाग द्वारा नशे के खिलाफ दिनांक 17 जून से 26 जून तक नशा मुक्त भारत अभियान – विकसित भारत की पहचान थीम पर चलाया जा रहा है विशेष अभियान
समाज कल्याण विभाग द्वारा नशे के खिलाफ दिनांक 17 जून से 26 जून तक नशा मुक्त भारत अभियान – विकसित भारत की पहचान थीम पर चलाया जा रहा है विशेष अभियान

कवर्धा….. “नशा मुक्त भारत सप्ताह” के अंतर्गत व्यापक जागरूकता कार्यक्रमों की शुरुआत की जा रही है। यह विशेष अभियान 17 जून से 26 जून 2026 तक “नशा मुक्त भारत अभियान-विकसित भारत की पहचान” थीम पर चलाया जाएगा। समाज कल्याण संचालनालय छत्तीसगढ़ के निर्देशों के परिपालन में जिला स्तर पर इसके लिए एक विस्तृत 10-दिवसीय कार्ययोजना तैयार की गई है।इस अभियान के तहत जिला, जनपद और नगरीय निकाय स्तर पर विभिन्न जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।अभियान की प्रमुख गतिविधियाँ और समय-सारणी 17 जून 2026 (उद्घाटन दिवस): आम जनता, महिलाओं, युवाओं और शिक्षा क्षेत्र पर विशेष ध्यान देते हुए ऑनलाइन और ऑफलाइन माध्यम से नशा मुक्ति शपथ और उद्घाटन कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
18 से 20 जून 2026: नशीले पदार्थों के सेवन के विकल्प के रूप में खेल, कला, संगीत और संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए स्कूलों, कॉलेजों और समुदायों में जागरूकता सत्र आयोजित किए जाएंगे। सभी हितधारकों द्वारा ऑनलाइन सामूहिक शपथ अभियान चलाया जाएगा।
21 जून 2026 (विश्व योग दिवस): “सेहत, समझदारी और विश्व शांति के लिए योग” के उद्देश्य के साथ मादक पदार्थों के दुरुपयोग के खिलाफ ऑनलाइन सामूहिक शपथ (Mass Pledge) अभियान होगा। आध्यात्मिक संगठनों और एनजीओ के सहयोग से लघु योग एवं ध्यान (Meditation) सत्र आयोजित किए जाएंगे। साथ ही, “स्वस्थ जीवन के लिए योग, नशे को कहें ना” विषय पर वॉकाथॉन (Walkathon) अथवा साइकिल रैली निकाली जाएगी। 22 से 25 जून 2026: रचनात्मक प्रतियोगिताओं का दौर चलेगा, जिसमें ऑनलाइन पोस्टर निर्माण, नारा लेखन (स्लोगन राइटिंग) और निबंध प्रतियोगिताएं शामिल हैं। इसके अलावा युवाओं द्वारा जागरूकता यात्रा, रैली और मानव श्रृंखला (Human Chain) का निर्माण किया जाएगा। आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के माध्यम से संवेदनशील क्षेत्रों में घर-घर जाकर सामग्री का वितरण किया जाएगा।
26 जून 2026 (समापन दिवस): “नशीली दवाओं के दुरुपयोग और अवैध तस्करी के खिलाफ अंतर्राष्ट्रीय दिवस” के अवसर पर इस अभियान का समापन होगा। इस दिन जिला स्तर पर नशा-मुक्ति के समर्थन में विशाल रैली, पोस्टर प्रदर्शन, होर्डिंग्स, नुक्कड़ नाटक, गीत और नृत्य जैसे जन-जागरूकता कार्यक्रमों का भव्य आयोजन किया जाएगा।
