कबीरधाम

गुरुकुल पब्लिक स्कूल कवर्धा में शिक्षक दिवस पर किया गया शिक्षकों का सम्मान

गुरुकुल पब्लिक स्कूल कवर्धा में शिक्षक दिवस पर किया गया शिक्षकों का सम्मान
————————–
कवर्धा/ गुरुकुल पब्लिक स्कूल कवर्धा में महान दार्शनिक ,कुशल प्रशासक, शिक्षाविद तथा भारत गणराज्य के द्वितीय राष्ट्रपति डॉ सर्वपल्ली राधाकृष्णन जी की जयंती शिक्षक दिवस के रूप में हर्षोल्लास पूर्वक मनाई गई ।इस पावन अवसर पर संस्था के समस्त पदाधिकारी गण, शाला के प्राचार्य ,समस्त शिक्षक- शिक्षिकाएँऔर छात्र-छात्राएं उपस्थित थे। मीडिया प्रभारी शिक्षक ने बताया कि सर्वप्रथम विद्या की देवी माँ सरस्वती व डॉक्टर सर्वपल्ली राधाकृष्णन के तैलचित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्वलित कर पूजा अर्चना के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ । इस शुभ अवसर पर शाला के छात्र-छात्राओं ने मधुर संगीत प्रस्तुत कर सभी दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया । छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया, जिसे दर्शकों ने काफी सराहा। संगीत विभाग की ओर से शिक्षक- शिक्षिकाओं ने एकल तथा सामूहिक गायन कर परिवेश को सरस बना दिया।शिक्षक दिवस के उपलक्ष में शाला के छात्र-छात्राओं ने डॉक्टर सर्वपल्ली राधाकृष्णन से संबंधित सारगर्भित जानकारी प्रदान किया। शाला के प्राचार्य ने अपने उद्बोधन में डॉक्टर सर्वपल्ली राधाकृष्णन की महानता विद्वत्ता व उनके प्रेरणादायक प्रसंग की सारगर्भित जानकारी से सभी को अवगत कराया। उन्होंने कहा कि शिक्षक दीपक की भाँति होता है ,जो स्वयं जलकर दूसरों को प्रकाश देता है। सभी विद्यार्थियों को शिक्षकों का सम्मान करना चाहिए। संस्था के अध्यक्ष महोदय ने सभी शिक्षकों से शिक्षक दिवस पर शाला के उत्तरोत्तर प्रगति की कामना व उच्च गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने पर जोर दिया।संस्था के निदेशक ने सभी शिक्षकों तथा विद्यार्थियों को नैतिक आचरण एवं व्यवहार पर विशेष ध्यान देने की बात कहानी के माध्यम से समझाई।शाला में कार्यरत सभी शिक्षक- शिक्षिकाओं को उपहार भेंट कर सम्मानित किया गया। कक्षा 12वीं के छात्राओं द्वारा मनोरंजन हेतु सांस्कृतिक कार्यक्रम का विशेष आयोजन किया गया ,जिसमें सभी शिक्षक- शिक्षिकाओं ने भाग लिया। बारहवीं की छात्रा के द्वारा आभार व्यक्त किया गया।संस्था के अध्यक्ष , पदाधिकारी गण प्राचार्य , सभी शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने शिक्षक दिवस पर हार्दिक शुभकामनाएँ दीं। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button