कबीरधाम

चित्रकला, निबंध एवं रंगोली प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों को दिया नशामुक्ति का संदेश, 495 विद्यार्थियों एवं उपस्थितजनों ने ली नशामुक्ति की शपथ

शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल कंझेटा में नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

चित्रकला, निबंध एवं रंगोली प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों को दिया नशामुक्ति का संदेश, 495 विद्यार्थियों एवं उपस्थितजनों ने ली नशामुक्ति की शपथ


कबीरधाम। कलेक्टर जिला कबीरधाम श्रीमती तुलिका प्रजापति के निर्देशानुसार एवं समाज कल्याण विभाग की उपसंचालक श्रीमती अभिलाषा पंडा के मार्गदर्शन में नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत दिनांक 18 नवंबर 2026 को शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल कंझेटा, पंडरिया में नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को नशे के सेवन से होने वाले दुष्परिणामों एवं शारीरिक, मानसिक तथा सामाजिक जीवन पर पड़ने वाले गंभीर प्रभावों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा अपने परिवार, मित्रों और समाज को नशामुक्त बनाने में जागरूकता दूत के रूप में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया।

जागरूकता कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों के लिए नशामुक्ति विषय पर चित्रकला, निबंध एवं रंगोली प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों ने अपनी कलाकृतियों एवं विचारों के माध्यम से नशे के दुष्परिणामों, नशे से होने वाली सामाजिक एवं पारिवारिक क्षति तथा नशामुक्त समाज के महत्व को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं विद्यार्थियों सहित कुल 495 उपस्थितजनों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई। सभी ने स्वयं नशे से दूर रहने, स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवन अपनाने तथा अपने आसपास के लोगों को भी नशामुक्ति के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में समाज कल्याण विभाग एवं नशा मुक्त भारत अभियान के वॉलेंटियर श्री सालिक राम बांधवे तथा विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाओं का सराहनीय सहयोग एवं योगदान रहा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button