Uncategorized

भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय कवर्धा में आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान कार्यशाला का हुआ आयोजन

भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय कवर्धा में आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान कार्यशाला का हुआ आयोजन

कवर्धा। भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय में “आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान” विषय पर भव्य कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, सांसद संतोष पाण्डे, प्रदेश मंत्री भाजपा श्रीमती संध्या परगहनीया, जिला भाजपा अध्यक्ष राजेन्द्र चंद्रवंशी एवं कार्यक्रम संयोजक, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष रामकुमार भट्ट मंचासीन रहे।

अपने विस्तृत उद्बोधन में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि “प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में आत्मनिर्भर भारत का संकल्प सिर्फ़ एक नारा नहीं बल्कि राष्ट्र निर्माण का अभियान है। आज भारत वैश्विक स्तर पर नई आर्थिक पहचान बना रहा है। ‘मेक इन इंडिया’ और ‘स्टार्टअप इंडिया’ जैसी योजनाओं ने करोड़ों युवाओं को अवसर प्रदान किए हैं।
उन्होंने आगे कहा कि “राज्य और केंद्र सरकार मिलकर वित्तीय सुधारों को नई दिशा दे रही है। जीएसटी 2.0 जैसे रिफार्म से व्यापार जगत को सरलता, पारदर्शिता और मजबूती मिलेगी। इसका लाभ छोटे व्यापारी से लेकर बड़े उद्योगों तक हर किसी को होगा। आत्मनिर्भर भारत का सपना तभी साकार होगा जब प्रत्येक नागरिक अपने कौशल और संसाधनों का बेहतर उपयोग कर आगे बढ़े।”

सांसद संतोष पाण्डे ने कहा कि “आज भारत हर क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनने की दिशा में तेज़ी से बढ़ रहा है। रक्षा क्षेत्र में स्वदेशी हथियार निर्माण, अंतरिक्ष विज्ञान में गगनयान मिशन, डिजिटल इंडिया से गाँव–गाँव इंटरनेट की पहुँच, हर घर जल योजना और किसान सम्मान निधि जैसे कार्यक्रम यह प्रमाण हैं कि भारत आत्मनिर्भरता की ओर मज़बूती से कदम बढ़ा रहा है। प्रधानमंत्री मोदी जी ने ‘वोकल फॉर लोकल’ का आह्वान करके देश की आर्थिक सोच को बदल दिया है। हमारी जिम्मेदारी है कि हर कार्यकर्ता इस विचारधारा को समाज तक ले जाए और हर परिवार को आत्मनिर्भर बनाने की प्रेरणा दे।”

प्रदेश मंत्री भाजपा श्रीमती संध्या परगहनीया ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि “महिलाओं की भागीदारी आत्मनिर्भर भारत अभियान की सबसे बड़ी शक्ति है। आत्मनिर्भर भारत तभी सफल होगा जब मातृशक्ति हर क्षेत्र में सक्रिय होकर समाज को दिशा दे। भाजपा सरकार ने महिला स्वसहायता समूहों और उद्यमशीलता को बढ़ावा देकर नई राह खोली है।”

जिला भाजपा अध्यक्ष राजेन्द्र चंद्रवंशी ने कहा कि “जिला संगठन बूथ स्तर तक इस अभियान को पहुँचाने के लिए कृतसंकल्प है। संगठन की मज़बूती और कार्यकर्ताओं की प्रतिबद्धता से आत्मनिर्भर भारत अभियान निश्चित ही जनता के बीच एक जनआंदोलन बनेगा।”

कार्यक्रम संयोजक रामकुमार भट्ट ने बताया कि “यह अभियान 25 सितम्बर पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी की जयंती से प्रारंभ होकर 25 दिसम्बर, पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी जी की जयंती तक चलेगा। इस अवधि में व्यापारी सम्मेलन, उद्योग सम्मेलन, जागरूकता हेतु मशाल रैली, बौद्धिक गोष्ठियाँ और अन्य अनेक कार्यक्रम आयोजित किए जाएँगे। हमारा उद्देश्य है कि आत्मनिर्भर भारत का संकल्प केवल नारों तक सीमित न रहकर जनता के जीवन का हिस्सा बने।”

कार्यक्रम में प्रमुख रूप से पूर्व विधायक डॉ. सियाराम साहू, पूर्व विधायक मोतीराम चंद्रवंशी, प्रदेश अध्यक्ष ओबीसी मोर्चा अशोक साहू, भाजपा महामंत्री संतोष पटेल, जिले के सभी पदाधिकारीगण, मंडल अध्यक्ष एवं महामंत्री, सभी मोर्चा–प्रकोष्ठ के पदाधिकारी तथा भाजपा कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button