कबीरधाम

विश्व जल दिवस पर कवर्धा में हुआ भव्य आयोजन ,जल संरक्षण का लिया संकल्प

विश्व जल दिवस पर कवर्धा में भव्य आयोजन, जल संरक्षण का लिया संकल्प

                                                                                                             कवर्धा…. विश्व जल दिवस के अवसर पर दिनांक 22 मार्च को पीजी कॉलेज, कवर्धा (डोम एरिया) में जल जीवन मिशन अंतर्गत एक भव्य जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें जनप्रतिनिधियों, पंचायत प्रतिनिधियों एवं आम नागरिकों की सक्रिय सहभागिता रही।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत अध्यक्ष कबीरधाम श्री ईश्वरी साहू उपस्थित रहीं। विशिष्ट अतिथियों में सभापति जिला पंचायत सदस्य श्रीमती पूर्णिमा साहू, जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि श्री लोकचंद साहू, मंडल अध्यक्ष भारतीय जनता पार्टी श्री मिलु साहू, कार्यालय सहायक उप मुख्यमंत्री, छत्तीसगढ़ शासन श्री नरेंद्र मानिकपुरी, कार्यपालन अभियंता लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी खंड कबीरधाम श्री डी.एस. राजपूत, सहायक अभियंता श्री गोपाल प्रसाद ठाकुर सहित ग्राम पंचायतों के सरपंचगण एवं विभागीय अधिकारी-कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि श्री ईश्वरी साहू द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके पश्चात उपस्थित सभी जनों को जल संरक्षण की शपथ दिलाई गई, जिसमें जल के सदुपयोग, संरक्षण एवं अपव्यय रोकने हेतु संकल्प लिया गया।
तत्पश्चात सभी अतिथियों द्वारा अपने संबोधन में जल के महत्व एवं उसके संरक्षण पर विशेष जोर दिया गया। मुख्य अतिथि श्री ईश्वरी साहू ने अपने उद्बोधन में कहा कि “जल जीवन का आधार है, अतः प्रत्येक नागरिक को जल संरक्षण को अपनी प्राथमिक जिम्मेदारी मानते हुए इसके संरक्षण हेतु जागरूक रहना चाहिए।”
जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि श्री लोकचंद साहू ने ग्रामीण स्तर पर जल संरक्षण में जनभागीदारी को आवश्यक बताते हुए सरपंचों से सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
सभापति जिला पंचायत सदस्य श्रीमती पूर्णिमा साहू ने जल संरक्षण को जनआंदोलन का रूप देने पर बल दिया।
मंडल अध्यक्ष श्री मिलु साहू ने कहा कि जल बचाने के लिए व्यवहार में सकारात्मक परिवर्तन अत्यंत आवश्यक है।
कार्यालय सहायक उप मुख्यमंत्री, छत्तीसगढ़ शासन श्री नरेंद्र मानिकपुरी ने अपने संबोधन में कहा कि शासन स्तर पर जल संरक्षण एवं जल प्रबंधन को प्राथमिकता दी जा रही है तथा जल जीवन मिशन के माध्यम से प्रत्येक घर तक सुरक्षित पेयजल पहुंचाने के साथ-साथ जल स्रोतों के संरक्षण के लिए निरंतर कार्य किए जा रहे हैं।
कार्यपालन अभियंता लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी खंड कबीरधाम श्री डी.एस. राजपूत ने अपने उद्बोधन में जल जीवन मिशन के तकनीकी पहलुओं पर प्रकाश डालते हुए बताया कि जल स्रोतों का संरक्षण, पाइपलाइन प्रणाली का सही संचालन एवं जल का संतुलित उपयोग अत्यंत आवश्यक है, जिससे भविष्य में जल संकट से बचा जा सके।
सहायक अभियंता श्री गोपाल प्रसाद ठाकुर ने जल के समुचित उपयोग एवं तकनीकी प्रबंधन के महत्व को बताते हुए पानी की बर्बादी रोकने की अपील की।
सभी मुख्य अतिथियों के संबोधन के उपरांत श्री गुरुदास मानिकपुरी के मार्गदर्शन में आस्था कला मंच, कबीरधाम के कलाकारों द्वारा जल जीवन मिशन पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम (कला जत्था) की प्रभावशाली प्रस्तुति दी गई, जिसने उपस्थित जनसमूह को जल संरक्षण का सशक्त संदेश दिया।
कार्यक्रम के अंत में हर घर जल प्रमाणित ग्राम पंचायतों के सरपंचों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विकासखंड बोड़ला के ग्राम पंचायत बोदा -03, कामाडाबरी, बोल्दाकला, बोरिया, अंधरीकछार एवं बरबसपुर के सरपंचों को जिला पंचायत अध्यक्ष श्री ईश्वरी साहू द्वारा प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में जल संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना एवं जनसहभागिता सुनिश्चित करना रहा, जिसमें बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, सरपंच एवं आम नागरिक उपस्थित रहे।”

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button