उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा और सांसद संतोष पांडेय , नपाध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी और अतिथियों ने कवर्धा के गौरव पथ निर्माण कार्य का किया भूमिपूजन
कवर्धा शहर में चहुमुंखी विकास की दिख रही है तस्वीर

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा और सांसद संतोष पांडेय , नपाध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी और अतिथियों ने कवर्धा के गौरव पथ निर्माण कार्य का किया भूमिपूजन
कवर्धा ; कवर्धा शहर के विकास को नई ऊँचाई देते हुए उपमुख्यमंत्री विजय शर्माने आज 10 करोड़ 73 लाख रुपये की लागत से बनने वाले बहुप्रतिक्षित राजनांदगांव बायपास (पिलारी नहर) से नवीन बाजार तक गौरव पथ निर्माण कार्य का विधिवत पूजा-अर्चना कर भूमिपूजन किया। कार्यक्रम में सांसद श्री संतोष पाण्डेय विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस महत्त्वाकांक्षी परियोजना के साथ कवर्धा के विकास में एक नया अध्याय जुड़ गया है। उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा के नेतृत्व में शहर अब तेज़ी से उस दिशा में आगे बढ़ रहा है, जहां आधुनिक सुविधाएं, सुदृढ़ सड़कें, बेहतर यातायात और सुनियोजित शहरी विकास कवर्धा की पहचान होंगे।
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि गौरव पथ केवल एक सड़क नहीं, बल्कि कवर्धा शहर के भविष्य को गति देने वाला विकास का मार्ग है। लोहारा रोड बायपास से नवीन बाजार तक बनने वाला यह मार्ग शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाएगा, व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ाएगा और शहर की सुंदरता को नई चमक देगा।
उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि सांसद संतोष पाण्डेय के अथक प्रयासों से गौरव पथ निर्माण की स्वीकृति प्राप्त हुई है। उन्होंने बताया कि कवर्धा शहर में दो आधुनिक चौपाटियों का निर्माण किया जा रहा है। साथ ही भारत माता चौक से समनापुर तक 2 करोड़ 60 लाख रुपये की लागत से सड़क निर्माण कार्य स्वीकृत किया गया है। उपमुख्यमंत्री श्री शर्मा ने कहा कि कवर्धा को मेडिकल कॉलेज की एक बड़ी सौगात मिली है। कवर्धा के प्राचीन बूढ़ा महादेव परिसर में कांवरिया श्रद्धालुओं हेतु सुविधाओं के निर्माण का कार्य किया जाएगा। भोरमदेव पर्यटन क्षेत्र के उन्नयन हेतु 146 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है स्वच्छता के क्षेत्र में जनसहयोग आवश्यक है। प्रत्येक वार्ड और हर गली को स्वच्छ बनाने के लिए जनजागरण तथा सामुदायिक सहयोग अत्यंत महत्त्वपूर्ण है। उन्होंने निर्माण एजेंसियों को निर्देशित किया कि सभी कार्य गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी और समयबद्ध रूप से करे।
*कवर्धा शहर का अभूतपूर्व विकास-संतोष पांडेय*
सांसद संतोष पाण्डेय ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि वास्तव में आज कवर्धा शहर अभूतपूर्व विकास की दिशा में अग्रसर है। शहर में अटल परिसर का निर्माण, हनुमान जी का निर्धारित स्थल, बनने वाली आधुनिक चौपाटी, चमचमाती सड़कों का जाल, तथा मेडिकल कॉलेज को जोड़ने वाला बाईपास—ये सभी कवर्धा के लिए बड़ी उपलब्धियां हैं, जो नई सरकार के गठन के बाद संयुक्त प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि आज गौरव पथ का भूमि पूजन संपन्न हुआ है, और कल से निर्माण कार्य भी प्रारंभ हो जाएगा। सांसद पाण्डेय ने कहा कि इस देश और इस क्षेत्र का विकास संयुक्त प्रयासों से ही संभव है। उन्होंने यह भी बताया कि चिकित्सा क्षेत्र में कवर्धा एक नया इतिहास लिखने जा रहा है, मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय 11 दिसंबर को मेडिकल कॉलेज निर्माण कार्य का भूमिपूजन करेंगे, जो कवर्धा के स्वास्थ्य सेवाओं में क्रांतिकारी बदलाव लाएगा।
*तेजी से हो रहा कवर्धा शहर का विकास-चंद्रप्रकाश*
नगर पालिका अध्यक्ष चन्द्र प्रकाश चंद्रवंशी ने कहा कि 10 करोड़ 73 लख रुपए के लागत से बनने वाला गौरव पथ रोड विकसित कवर्धा के रूप में कवर्धा शहर की पहचान बनेगी। गौरव पथ के निर्माण से कवर्धा शहर में विकास को नई दिशा मिलेगी। यह परियोजना न केवल यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाएगी, बल्कि शहर के बुनियादी सुविधाओं को भी सुदृढ़ करेगी। लोहारा रोड बायपास से नवीन बाजार तक गौरव पथ का निर्माण शहर के विकास में मील का पत्थर साबित होगा। उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा व सांसद संतोष पाण्डेय के विशेष प्रयासों से कवर्धा शहर को विकास के क्षेत्र में एक और ऐतिहासिक सौगात मिली है।
*10 करोड़ 73 लाख की लागत से बनेगी गौरवपथ*
कवर्धा शहर में 10 करोड़ 73 लाख रू. की लागत से गौरवपथ का निर्माण किया जाएगा। कबीरधाम जिले में बनने वाले इस पहले गौरव पथ की लंबाई करीब 2 किलोमीटर से अधिक होगी। राजनांदगांव बायपास से पिलारी नहर होते हुए यह नवीन बाजार तक जुड़ेगी। इससे रामनगर वार्ड शिवाजी कॉलोनी, रामनगर, शांतिदीप कॉलोनी और नवीन बाजार के रहवासियों को लाभ होगा।
इस अवसर पर अध्यक्ष कृषक कल्याण बोर्ड सुरेश चंद्रवंशी, जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, राजेंद्र चंद्रवंशी अशोक साहू, पूर्व विधायक सियाराम साहू, मोतीराम चंद्रवंशी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष कैलाश चंद्रवंशी, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष रामकुमार भट्ट, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सुष्मा बघेल, अनिल सिंह ठाकुर, देवकुमारी चंद्रवंशी एवं श्रीमती सतविंदर पाहुजा, नगर पालिका उपाध्यक्ष पवन जायसवाल एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।