ग्राम नेउरगांव कला में आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम हर्षोल्लास और उत्साह से मनाया गया
ग्राम नेउरगांव कला में आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम हर्षोल्लास और उत्साह से मनाया गया

कवर्धा… राज्य शासन के निर्देशानुसार महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत आज एकीकृत बाल विकास परियोजना बोड़ला के ग्राम नेउरगांव कला के आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिवसीय “आंगन मिलन सेवा” कार्यक्रम का भव्य एवं सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक पूरे उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।
विकसित भारत 2047 का लिया गया संकल्प
इस विशेष आयोजन का मुख्य उद्देश्य जनहित के प्रति जागरूकता बढ़ाना, ‘विकसित भारत 2047’ का नागरिक संकल्प लेना तथा केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को सीधे अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना रहा। कार्यक्रम में सांसद प्रतिनिधि नरेश चंद्रवंशी, जनपद सदस्य संगीता रोहित चंद्रवंशी, केदार पटेल, भाजयुमो महामंत्री आशु चंद्रवंशी, पंच ऊषा चंद्रवंशी, केंद्र 2 की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता श्रीमती भगवती महोबिया, सहायिका पिंकी मानिकपुरी, मितानिन सतरूपा चंद्रवंशी सहित बड़ी संख्या में हितग्राही माताएं एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
प्रशस्ति पत्र और श्रीफल देकर किया सम्मान
कार्यक्रम का सबसे गौरवमयी क्षण रहा जब उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ता भगवती महोबिया, सहायिका पिंकी मानिकपुरी और मितानिन सतरूपा चंद्रवंशी और उत्कृष्ट माताओं को मंच पर जनप्रतिनिधियों द्वारा प्रशस्ति पत्र एवं श्रीफल देकर सम्मानित किया गया। केंद्र में खाद्यान्न, हरी सब्जियों और फलों से बनी आकर्षक “मेरी पौष्टिक थाली” का प्रदर्शन किया गया, जिसने कुपोषण मुक्त भारत का सशक्त संदेश दिया।
भाजयुमो महामंत्री आशु चंद्रवंशी का उद्बोधन
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता भाजयुमो महामंत्री श्री आशु चंद्रवंशी ने अपने उद्बोधन में कहा – आज नेउरगांव कला की इस पावन धरती पर आंगन मिलन सेवा का यह कार्यक्रम केवल एक सरकारी कार्यक्रम नहीं है, यह हमारी मातृशक्ति और नन्हें बच्चों के भविष्य को संवारने का महायज्ञ है। मैं सबसे पहले हमारी आंगनबाड़ी दीदी भगवती महोबिया जी को हृदय से प्रणाम करता हूँ, जिन्होंने कबाड़ से जुगाड़ से इतना बेहतरीन टीएलएम बनाया है, जितनी तारीफ की जाए उतनी कम है। यह बताता है कि प्रतिभा संसाधनों की मोहताज नहीं होती।
माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी का ‘विकसित भारत 2047’ का सपना और माननीय मुख्यमंत्री जी की मंशा तभी पूरी होगी जब हमारा बच्चा स्वस्थ होगा, हमारी माता सशक्त होगी। महतारी वंदन योजना ने आज हमारी माताओं-बहनों को आर्थिक रूप से सशक्त किया है। मैं सभी माताओं से आग्रह करूंगा कि इस राशि का उपयोग अपने बच्चों के पोषण और शिक्षा पर करें, यही सच्ची सेवा होगी।
हमारी सरकार ने आंगनबाड़ी को केवल केंद्र नहीं, बल्कि संस्कार केंद्र बना दिया है। यहाँ गोद भराई होती है, अन्नप्राशन होता है, स्वास्थ्य जांच होती है, और अब तो खिलौना बैंक भी बन रहा है। यह सब महिला एवं बाल विकास विभाग और हमारे परियोजना अधिकारी नमन देशमुख जी के कुशल नेतृत्व में संभव हो पाया है। मैं विभाग की पूरी टीम को बधाई देता हूँ। उन्होंने आगे कहा कि पोषण वाटिका और घर-घर मुनगा लगाने के इस संकल्प में भागीदार बनें। कुपोषण को हमें जड़ से खत्म करना है। नेउरगांव कला ने आज जो एकता दिखाई है, वह पूरे बोड़ला ब्लॉक के लिए एक मिसाल है।उनके उद्बोधन पर उपस्थित जनसमुदाय ने तालियों से स्वागत किया।
रचनात्मक गतिविधियों से सजा रहा दिन
आंगनबाड़ी केंद्रों को विशेष रूप से सजाया गया था। दिनभर कई महत्वपूर्ण गतिविधियां हुईं:
– पोषण और स्वास्थ्य जांच: महिलाओं, गर्भवती माताओं और बच्चों की स्वास्थ्य जांच।
– गोद भराई, अन्नप्राशन व पोषण थाली: गर्भवती माताओं की गोद भराई और बच्चों का अन्नप्राशन।
– कबाड़ से जुगाड़ बना आकर्षण: भगवती महोबिया द्वारा कबाड़ से बनाए गए TLM की सभी जनप्रतिनिधियों ने भूरी-भूरी प्रशंसा की।
– खेल और पौधारोपण: बच्चों के लिए कुर्सी दौड़ प्रतियोगिता, तिथि भोज, फल वितरण और पौधारोपण के लिए प्रेरित किया गया।






