मोटराइज्ड ट्रायसायकल मिलने से दिव्यांग मनीदास बंजारे के लिए आसान हुआ आवागमन, स्वरोजगार को मिलेगा बढ़ावा
मोटराइज्ड ट्रायसायकल मिलने से दिव्यांग मनीदास बंजारे के लिए आसान हुआ आवागमन, स्वरोजगार को मिलेगा बढ़ावा

कवर्धा …शासन की दिव्यांगजन कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में ग्राम घोठिया, जनपद पंचायत कवर्धा, जिला कबीरधाम निवासी मनीदास बंजारे, पिता श्री शम्भू दास बंजारे, जो 80 प्रतिशत अस्थि बाधित दिव्यांग हैं, को आज नगर पालिका परिषद कवर्धा में मोटराइज्ड ट्रायसायकल प्रदान की गई।
श्री मनीदास बंजारे ग्राम पंचायत में रोजगार सहायक के रूप में कार्यरत हैं और अपने कार्य के माध्यम से स्वरोजगार एवं आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। दिव्यांगता के कारण उन्हें ग्राम पंचायत से संबंधित कार्यों के लिए आने-जाने तथा विभिन्न स्थानों पर कार्य करने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। उन्हें आवागमन के लिए अक्सर किसी अन्य व्यक्ति की सहायता लेनी पड़ती थी, जिससे उनके दैनिक कार्य प्रभावित होते थे।
शासन की दिव्यांगजन हितैषी पहल के तहत आज 01 सितम्बर 2026 को नगर पालिका परिषद कवर्धा में नगर पालिका अध्यक्ष श्री चन्द्रप्रकाश चन्द्रवंशी के हाथों मनीदास बंजारे को मोटराइज्ड ट्रायसायकल प्रदान की गई। मोटराइज्ड ट्रायसायकल मिलने से अब वे अधिक सुगमता से अपने कार्यस्थल एवं आवश्यक स्थानों तक आवागमन कर सकेंगे तथा अपने कार्यों को अधिक स्वतंत्रता और आत्मविश्वास के साथ पूरा कर पाएंगे।
मोटराइज्ड ट्रायसायकल प्राप्त होने पर मनीदास बंजारे ने शासन एवं प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने कहा कि यह सहायता उनके लिए केवल आवागमन का साधन नहीं, बल्कि आत्मनिर्भरता और सम्मान के साथ जीवन जीने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
शासन की इस पहल से दिव्यांगजनों को स्वावलंबी बनाने के साथ-साथ उन्हें रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़ने और समाज की मुख्यधारा में आगे बढ़ाने का प्रयास निरंतर जारी है।






